February 12, 2026

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम के सफल एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गांधी पार्क में 14 फरवरी से 23 फरवरी तक यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेला आयोजित किया जाएगा

0

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम के सफल एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गांधी पार्क में 14 फरवरी से 23 फरवरी तक यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेला आयोजित किया जाएगा

एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने जा रहा “एक साल बेमिसाल” उत्सव ऐतिहासिक स्वरूप ग्रहण करने को तैयार है। महापौर विकास शर्मा ने इसे जनभागीदारी, विकास और सांस्कृतिक समन्वय का अद्वितीय पर्व बताते हुए कहा कि 14 फरवरी से प्रारंभ होने वाला यह दस दिवसीय आयोजन नगर के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित होगा। उन्होंने बताया कि इस भव्य उत्सव का शुभारम्भ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करकमलों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर सीएम धामी रूद्रपुरवासियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर ने विस्तार से बताया कि नगर निगम के सफल एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गांधी पार्क में 14 फरवरी से 23 फरवरी तक यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेला आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को ऐतिहासिक और जनसरोकारों से युक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी 14 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे सर्वप्रथम त्रिशूल चौक पहुंचकर भव्य त्रिशूल का लोकार्पण करेंगे। यह त्रिशूल न केवल आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान का भी नया केन्द्र बनेगा।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों का स्वागत एवं सम्मान भी करेंगे, जिससे धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश जाएगा। इसके उपरांत मुख्यमंत्री के सानिध्य में त्रिशूल चौक से विशाल शिव बारात निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक दलों एवं समाज के प्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया जाएगा। समूचा नगर भक्ति, उत्साह और उल्लास के रंग में रंगा दिखाई देगा।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री गांधी पार्क पहुंचकर यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेले का विधिवत शुभारम्भ करेंगे तथा 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। सायंकाल गांधी पार्क में श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित विशाल शिव जागरण का भी मुख्यमंत्री शुभारम्भ करेंगे, जिससे उत्सव का प्रथम दिवस पूर्णतः धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण रहेगा।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि 15 फरवरी से 23 फरवरी तक प्रतिदिन गांधी पार्क में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिन के समय स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं नगर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से मंच को आलोकित करेंगे, जबकि सायंकाल देश-प्रदेश से आए ख्यातिप्राप्त कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। प्रत्येक दिवस को किसी न किसी समुदाय की संस्कृति को समर्पित किया गया है, जिससे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता का संदेश प्रसारित होगा।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 15 फरवरी की संध्या को संकल्प खेतवाल एवं हरीश भट्ट की प्रस्तुति होगी। 16 फरवरी को सैंड आर्ट के साथ जस्सी गिल एवं बलवल राय अपने गीतों से समां बांधेंगे। 17 फरवरी को इमान चक्रवर्ती की सुरमयी प्रस्तुति तथा एनसी सरकार का मैजिक शो आकर्षण का केन्द्र रहेगा। 18 फरवरी को हिमनात एवं बंटी राणा अपनी प्रस्तुति देंगे। 19 फरवरी को रूपेश मिश्रा एवं श्वेता मेहरा मंच पर कला का प्रदर्शन करेंगे। 20 फरवरी को गोविंद दिगारी, खुशी दिगारी तथा फौजी ललित मोहन जोशी दर्शकों को अपनी प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध करेंगे। 21 फरवरी को साधो बैंड की प्रस्तुति के साथ श्री राम कला केन्द्र द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। 22 फरवरी को पवनदीप राजन एवं जितेन्द्र तोमग्याल मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जबकि 23 फरवरी को पाण्डवा बैंड की प्रस्तुति के साथ इस भव्य आयोजन का समापन होगा।

मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और विविध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को स्थान दिया जाएगा। विशेष रूप से 25 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों को निःशुल्क आवंटित किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम भविष्य में महिला समूहों के उत्पादों के विपणन हेतु एक ‘शी मार्ट’ स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रहा है। साथ ही ‘हिमालयाज’ की तर्ज पर कुमाऊँ क्षेत्र का एक विशिष्ट ब्रांड विकसित करने की दिशा में भी प्रयास प्रारम्भ किए गए हैं, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ निजी कंपनियों को जोड़कर व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।

महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि “एक साल बेमिसाल” उत्सव विकास, संस्कृति और जनसहभागिता का ऐसा संगम सिद्ध होगा, जो रूद्रपुर की नई पहचान गढ़ेगा। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, राकेश सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed